Advertisement

गरगा को प्रदूषणमुक्त को ले संकल्प के साथ गर्ग-गंगा दीपोत्सव, आंदोलन की चेतावनी

​रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले की जीवन रेखा गरगा नदी को प्रदूषण और अतिक्रमण से मुक्त कराने के संकल्प के साथ जिला के हद में चास स्थित छठ घाट पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित कर 24 नवंबर शुभ कार्तिक पूर्णिमा की संध्या गर्ग-गंगा दीपोत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान के तत्वावधान में संपन्न किया गया।

​कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के पर्यावरण प्रहरियों द्वारा गरगा नदी के विधिवत पूजन और आरती से की गयी। इसके पश्चात सैकड़ों दीपों को नदी की धारा में प्रवाहित कर दीपदान किया गया। साथ हीं माता गर्ग-गंगा को नमन करते हुए नदी के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प दोहराया गया।

​इस अवसर पर संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने कहा कि जब तक गरगा नदी में चास नगर निगम के गंदे नालों और बोकारो इस्पात संयंत्र की आवासीय कॉलोनियों के सीवरेज को बिना कचरा निस्तारण जल शोधक संयंत्र (एसटीपी) से शोधित किए बहाया जाता रहेगा, तब तक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान का गरगा बचाओ आंदोलन निरंतर जारी रहेगा और पर्यावरण प्रहरी शांत नहीं बैठेंगे।

​उन्होंने बताया कि गर्ग-गंगा दीपोत्सव भी इसी आंदोलन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके माध्यम से गरगा नदी की दयनीय स्थिति पर चास नगर निगम, बोकारो जिला प्रशासन, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राज्य सरकार, केंद्रीय इस्पात मंत्रालय और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का ध्यान आकर्षित करते हुए वर्षों से नदी को बचाने की मांग की जा रही है।

​उल्लेखनीय है कि गरगा नदी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े यज्ञ से माना जाता है। मान्यता के अनुसार जिला के हद में कसमार की पावन भूमि पर हुए इस यज्ञ में पवित्र गंगाजल की आवश्यकता पूरी करने के लिए ऋषि श्रेष्ठ गर्ग ने अपने तपोबल से इसे भूगर्भ से प्रकट किया था। इस क्षेत्र में इसका महत्व गंगा के समान है, परंतु प्रशासनिक उपेक्षा और बढ़ते प्रदूषण के कारण यह नदी लगभग गंदे नाले में परिवर्तित होती जा रही है। कार्यक्रम के जरिए चास-बोकारो के रहिवासियों से गरगा बचाओ आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया, ताकि नदी को विलुप्त होने से बचाया जा सके।

​ गर्ग-गंगा दीपोत्सव में शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’, वीरेंद्र चौबे, ललित कुमार, वीणा देवी, विजय त्रिपाठी, लक्ष्मण शर्मा, मृणाल चौबे, बबलू पांडेय, महेश ओझा, गौरी शंकर सिंह, रोहित सिंह, मोहन राणा, निधि कुमारी, सुनील झा, मनोज पांडेय, दयाराम परमार, शकुंतला देवी, रिया कुमारी, आशुतोष राठौर, ऋषभ सिंह, सुदर्शन गोयल समेत बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रहरी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *