प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह में बीते दिनों पैसे के लेन देन में हुए विवाद में गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है।
बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंद्र कुमार सिंह ने तेनुघाट स्थित अपने कार्यालय में 11 नवंबर को एक प्रेस वार्ता कर बताया कि नावाडीह पुलिस ने जान मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी कारु महतो को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देसी पिस्टल (सिक्सर) और दो जिंदा गोली बरामद की गई है।
पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बीते 7 नवंबर को सुबह लगभग 7:30 से 7:45 बजे के बीच आरोपी कारु महतो, पिता स्व. लालजी महतो, ग्राम नावाडीह, जिला बोकारो ने कुलदीप कुमार महतो, पिता मंगल महतो, साकिन बाँसीखेड़ा नावाडीह को जान मारने की नीयत से गोली मार दी थी। जिससे कुलदीप बुरी तरह जख्मी हो गया था। इस संबंध में वादी कुलदीप के लिखित आवेदन के आधार पर नावाडीह थाना में कांड क्रमांक-81/26 धारा 109 बीएनएसएस एवं 27 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया था।
घटना के बाद विशेष टीम कांड के त्वरित अनुसंधान के लिए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। अनुसंधान के क्रम में बीते 9 नवंबर को सूचना मिली कि कांड का प्राथमिकी अभियुक्त कारु महतो नावाडीह थाना क्षेत्र के आहरडीह लंगड़ाटांड जंगल में हथियार के साथ पुनः किसी घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में छापा मारा। पुलिस को देखकर भागने लगे युवक को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।
तलाशी के क्रम में उसके पास से एक देसी मेड का लोहे का सिक्सर एवं दो जिंदा गोली बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कारु महतो बताया और गोली चलाने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि पैसे के अभाव होने के कारण कुलदीप कुमार महतो से उधार में पैसा मांग किया था, पैसा देने से इंकार करने पर उसने गोली चला दिया। अवैध हथियार रखने के आरोप में आरोपी के खिलाफ नावाडीह थाना में कांड क्रमांक -82/26 धारा 25(1-B)(a)/26 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया है।
एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने पत्रकारों को जानकारी दी की पूर्व से आरोपी कारू के विरुद्ध 6 आपराधिक मामले दर्ज है। कहा कि गिरफ्तार कारु महतो का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 6 मामले दर्ज हैं, जिसमें दुमका नगर थाना कांड क्रमांक 111/14, धारा 309 भादवि, बोकारो थर्मल थाना कांड क्रमांक-37/16, धारा 394 भादवि, चन्द्रपुरा थाना कांड क्रमांक-16/18, धारा 394 भादवि, डुमरी थाना कांड क्रमांक-43/18, धारा 379/414/467/468/420/3/4 भादवि, नावाडीह थाना कांड क्रमांक-07/23, धारा 414, 34 बीएनएसएस एवं 25(1-B)(a)/26 आर्म्स एक्ट तथा बरवड्डा थाना कांड क्रमांक-101/25, धारा 309(4) बीएनएसएस एवं 25(1-B)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट शामिल है।
छापामारी दल में बेरमो अंचल पुलिस निरीक्षक अरविन्द कुमार, नावाडीह थाना प्रभारी अनिल लिण्डा, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार यादव, पुअनि बंधन भगत, पुअनि मिथलेश कुमार सहित नावाडीह के सशस्त्र बल शामिल थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपरोक्त के अलावा तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो, कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम आदि मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply