Advertisement

लुगुबुरू धाम में मुख्यमंत्री ने धर्मपत्नी के साथ माथा टेका

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में ललपनिया स्थित लुगुबुरु धाम में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन के साथ माथा टेका। मौके पर कई दिग्गज नेताओं ने भी की शिरकत।

संथाल आदिवासी समाज की सर्वोच्च आस्था के केंद्र जिला के हद में ललपनिया स्थित लुगुबुरू धाम में आयोजित तीन दिवसीय लुगू बुरू घंटा बाड़ी धोरोम गाढ़ राजकीय महोत्सव के अंतिम दिन 24 नवंबर को आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ लुगुबाबा के दरबार में पहुंच कर माथा टेका।

मुख्यमंत्री के आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखा। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही पूरा लुगु पहाड़ जय लुगुबाबा के जयघोष और मांदर की थाप से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने फूल-माला पहनाकर और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लुगुबाबा की पवित्र गुफा में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आस्था का शंखनाद किया और कहा कि आप सब लुगू बाबा की छांव में आए हैं, इससे हम सभी आदिवासियों को एक ऐसी शक्ति मिलेगी जो हमारे जीवन का प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि लुगुबुरू केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, यह हमारी पहचान, हमारी अस्मिता और हमारी जड़ों का प्रतीक है। यहां आकर हर आदिवासी को अपनी संस्कृति पर गर्व का अनुभव होता है।

ज्ञात हो कि बीते 22 नवंबर से शुरू हुए इस महापर्व में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने लुगुबुरू धाम को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्णय को दोहराया। उन्होंने बताया कि आने वाली पीढ़ी अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित हो सके, इसके लिए यहां संग्रहालय का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त सीतानाला और ग्रीन रूम का विकास कार्य भी पूरा हुआ है।

साथ ही कल्याण विभाग द्वारा एक करोड़ रुपये की लागत से अन्य आधारभूत कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लुगुबुरू धाम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए आधारभूत संरचना, सड़क, पेयजल, ठहराव और सुरक्षा की सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

इस धार्मिक समागम में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री चमरा लिंडा, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा ने भी शिरकत की। सभी नेताओं ने लुगुबाबा की पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालु लुगुबाबा की पवित्र गुफा में विधि-विधान से आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

मांदर की थाप, संथाली लोकगीत और पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों के नृत्य से पूरा परिसर भक्तिमय और उत्सवमय बना है। संथाल समाज के लिए यह आयोजन न केवल गहरी धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि अपनी जड़ों, पहचान और समृद्ध परंपराओं को भावी पीढ़ियों के लिए सहेजने का एक सशक्त माध्यम भी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *