एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने या डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि इंसान के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उक्त बाते ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन (एआईएसएफ) के रांची जिलाध्यक्ष एहतेशाम परवीन ने 10 नवंबर को कही।
उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का मानना था कि शिक्षा मनुष्य को सोचने, समझने, तर्क करने और सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। उनका विश्वास था कि जब तक शिक्षा समाज के अंतिम पायदान तक नहीं पहुंचेगी, तब तक लोकतंत्र और स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ अधूरा रहेगा।
एआईएसएफ जिलाध्यक्ष एहतेशाम के अनुसार मौलाना आज़ाद सार्वभौमिक शिक्षा के समर्थक थे। उनका मानना था कि अमीर-गरीब, जाति-धर्म और महिला-पुरुष के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। बावजूद इसके आज भी आर्थिक असमानता के कारण हजारों विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में छात्रवृत्ति गरीब और वंचित विद्यार्थियों के लिए शिक्षा जारी रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
एहतेशाम ने कहा कि समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने से विद्यार्थियों को कॉलेज फीस, परीक्षा शुल्क, किताबों और छात्रावास के खर्चों का भुगतान करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई विद्यार्थी कर्ज लेने, मानसिक तनाव झेलने और यहां तक कि अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने के लिए मजबूर हो जाते हैं। इससे न केवल विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि समाज की प्रतिभा और राष्ट्र की प्रगति भी बाधित होती है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ढुलमूल रवैया के कारण झारखंड में ई-कल्याण छात्रवृत्ति के भुगतान में देरी के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) ने ई-कल्याण छात्रवृत्ति महाआंदोलन के माध्यम से विद्यार्थियों की आवाज बुलंद की है। कहा कि यह आंदोलन केवल छात्रवृत्ति राशि के भुगतान की मांग नहीं, बल्कि शिक्षा में समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई है। कहा कि एआईएसएफ की मांग है कि सभी पात्र विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति का अविलंब भुगतान हो तथा भविष्य में छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध बनाई जाए।
निष्कर्ष यह कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का शिक्षा-दर्शन आज भी हमें समानतापूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है। यदि कोई विद्यार्थी आर्थिक अभाव या छात्रवृत्ति में देरी के कारण अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर होता है, तो यह हमारी शिक्षा व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल है। कहा कि एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक विद्यार्थी को समान शैक्षणिक अवसर मिले और कोई भी प्रतिभा आर्थिक अभाव के कारण पीछे न छूटे। कहा कि शिक्षा अधिकार है, विशेषाधिकार नहीं, छात्रवृत्ति छात्रों का अधिकार है, कोई एहसान नहीं।
![]()













Leave a Reply