Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में प्रतियोगिताओं का आयोजन

छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साह और ऊर्जा के साथ लिया भाग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में बीते 27 अगस्त से 30 अगस्त तक कक्षा 1 से 10 तक के छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने खुशी और पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, 50 मीटर, सौ मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, फुटबॉल, कबड्डी, रस्साकसी, म्यूजिकल चेयर, चम्मच-गोली दौड़, बैलून दौड़, खो-खो, शतरंज, बैडमिंटन सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बिनोद कुमार महतो ने कहा कि खेल बच्चों में स्फूर्ति, अनुशासन और शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में खुशी और उत्साह बढ़ता है तथा वे मन लगाकर खेलों में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक इंसान को अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अपनी दिनचर्या में खेल और व्यायाम के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए।

विद्यालय के शिक्षक सुबोध महतो ने कहा कि खेल बच्चों में आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है। देवधारी महतो ने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन की भावना आती है। तारकेश्वर प्रसाद ने कहा कि बच्चों ने सभी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। वेद प्रकाश ने कहा कि खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कपिलेश्वर महतो ने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। लालकिशोर महतो ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की।

लक्ष्मण महतो ने कहा कि प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। रथू महतो ने कहा कि खेलों में भाग लेने से बच्चों में नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। सरिता देवी ने कहा कि छात्राओं ने भी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आईसीटी इंस्ट्रक्टर कुमारी तपोसी महतो ने कहा कि खेल और तकनीकी शिक्षा के साथ बच्चों का समग्र विकास संभव है। लिपिक कुनाल कुमार महतो ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया और कहा कि कार्यक्रम से विद्यालय में उत्साह का माहौल बना।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष भूषण महतो ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नियमित रूप से ऐसे आयोजन होने चाहिए, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर सके। सीआरपी फलहारी महतो ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।

खेलों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने तन-मन से भागीदारी सुनिश्चित की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *