अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को होगी जारी,30 नवंबर तक जमा होंगे फॉर्म
कार्यालय संवाददाता/मुंबई। महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर चुनाव आयोग ने एक बार फिर समय-सीमा में बदलाव किया है। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अधिकारियों को अतिरिक्त समय दिया है। नए कार्यक्रम के अनुसार, राज्य की अंतिम मतदाता सूची अब 30 नवंबर के बजाय 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इस फैसले से उन लाखों मतदाताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके नाम विभिन्न कारणों से प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।
2 करोड़ से अधिक मतदाताओं को मिला दोबारा अवसर
चुनाव आयोग के अनुसार, महाराष्ट्र में पहले लगभग 9.78 करोड़ मतदाता दर्ज थे, लेकिन 31 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में करीब 7.71 करोड़ नाम ही शामिल हो सके। लगभग 2.06 करोड़ मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त नहीं होने के कारण उनके नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हो पाए थे। अब ऐसे मतदाताओं को एक और अवसर दिया जा रहा है। आयोग ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि (ASDD) की श्रेणी में रखे गए मतदाताओं के लिए नई प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 18 नवंबर से गणना फॉर्म तैयार करने और 18 से 30 नवंबर के बीच उनके वितरण एवं संग्रह का काम किया जाएगा। अधिकारियों को इन फॉर्मों की जांच और निपटारे की प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी करनी होगी।
15 दिसंबर तक दावे-आपत्तियों का निपटारा
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख भी बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दी है। पहले यह प्रक्रिया 25 नवंबर तक पूरी की जानी थी। इसके बाद सभी रिकॉर्ड की जांच और आवश्यक सुधार करते हुए 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार करने का निर्देश दिया है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच करें। जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में नहीं हैं, वे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
Tegs: #Deadline for electoral roll revision extended in Maharashtra
![]()













Leave a Reply