Advertisement

भाजपा दो मंडलों की संयुक्त बैठक में भारती पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत धूमधूमीटांड़ में 4 नवंबर को कसमार एवं खैराचातर भाजपा मंडल की संयुक्त मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ मार्च की तैयारी तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पंचायत स्तर से प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एवं पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजय भारती पर बीते दिनों कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार के समक्ष हुए जानलेवा हमले की घटना की कड़ी निंदा की गई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की दीपावली तक गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाना प्रभारी को अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक गिरफ्तारी नहीं होने पर दीपावली के बाद व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में भाजपा कसमार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार महतो ने कहा कि भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। पार्टी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान एवं सुरक्षा के मुद्दे पर संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। कहा कि अजय भारती पर हुए हमले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रह्लाद महतो ने कहा कि भाजपा की मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है।

आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा एवं अराजकता के विरोध में पार्टी का अभियान जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है। किसी भी कार्यकर्ता के साथ अन्याय होने पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। अजय भारती पर हुए हमले के मामले में प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए नियमित बैठक एवं जनसंपर्क अभियान जरूरी है। भाजपा कार्यकर्ता क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ मार्च के माध्यम से आमजनों के बीच संगठन की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भारती पर हुए हमले की निंदा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

भाजपा के वरिष्ठ नेता देवनारायण प्रजापति ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यकर्ताओं के साथ किसी प्रकार की हिंसा एवं अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि अजय भारती पर हुए हमले के मामले में पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। यदुनंदन जायसवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जन समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहे हैं। संगठन की मजबूती के साथ-साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बाणेश्वर महतो ने कहा कि संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ काम करना चाहिए।

पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रताप सिंह ने अजय भारती पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन को मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
मौके पर भाजपा कार्यकर्त्ता मनोज ठाकुर, महानंद महतो, भवानी शंकर मुखर्जी, अशोक कुमार महतो, कैलाश कुमार प्रजापति, रामलाल ठाकुर, विनोद कुमार, कैलाश महतो ने भी संबोधित किया।

बैठक में उपस्थित महिला कार्यकर्त्ता बीणा देवी, चंचला देवी एवं संध्या देवी ने भी अजय भारती पर हुए हमले की निंदा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती एवं पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
बैठक में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा अजय भारती पर हुए हमले के मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की। अध्यक्षता कसमार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार महतो जबकि संचालन खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *