Advertisement

बीएंडके महाप्रबंधक से मिलकर विस्थापित प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के अंतर्गत चलकरी के विस्थापितों का एक प्रतिनिधि मंडल 24 नवंबर को सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के महाप्रबंधक से मिला। विस्थापित प्रतिनिधियों ने विगत 24 अप्रैल को हुए त्रिपक्षीय वार्ता के समझौते से संबंधित मांग पत्र सौंपा।

इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने महाप्रबंधक को याद दिलाते हुए कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो की मध्यस्तता में सीसीएल प्रबंधन और विस्थापितों के बीच हुए त्रिपक्षीय वार्ता के समझौते को लागू करने के प्रति उदासीन है। विस्थापितों के सहयोग के बावजूद सीसीएल प्रबंधन विस्थापित गांव चलकरी में बिजली पानी उपलब्ध कराने के नाम पर सिर्फ खानापूरी कर रही है। विस्थापित प्रतिनिधियों ने चेतावनी भरे लहजे में साफ कहा कि यदि प्रबंधन 15 दिनों के भीतर समझौते के बिंदुओं को लागू नहीं करती है तो विस्थापित आंदोलन के लिए बाध्य होगें, जिसकी सारी जिम्मेदारी सीसीएल प्रबंधन की होगी।

वार्ता में सीसीएल की ओर से क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार झा, सोलर पॉवर प्लांट के नोडल पदाधिकारी जयशंकर प्रसाद, विस्थापित प्रतिनिधि मंडल में विस्थापित व माले नेता कॉमरेड भुवनेश्वर केवट, चलकरी के पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया अखिलेश्वर ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत मंडल, विस्थापित नेता अशोक मंडल, राज केवट, निमाय मंडल, कुबुद्दीन अंसारी, ताहिर अंसारी, अशोक महली, अमित मंडल आदि शामिल थे।

बताया जाता है कि विस्थापित प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए महाप्रबंधक झा ने कहा कि विस्थापितों के साथ हुए वार्ता के मांगो को सीसीएल जल्द पूरा करेगी। कहा कि प्रक्रिया को पूरा करने में थोड़ा समय लगा है। अब ज्यादा समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ज्ञात हो कि चलकरी में प्रस्तावित सोलर पॉवर प्लांट को लेकर लगभग दो वर्षो से गतिरोध बना हुआ था। त्रिपक्षीय वार्ता के बाद ही विस्थापित प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी थी। अगर सीसीएल प्रबंधन आगे भी विस्थापितों के मांगो के प्रति गंभीर नहीं हुई तो भविष्य में सोलर पॉवर प्लांट निर्माण का काम और भी ज्यादा पेचीदा होने की संभावना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *