Advertisement

पीएमश्री एसएस +2 उच्च विद्यालय कसमार के छात्रों ने किया अंतर्राज्यीय भ्रमण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में
पीएमश्री एसएस +2 उच्च विद्यालय कसमार के छात्र – छात्राओं ने सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राज्यीय शैक्षणिक भ्रमण किया। क्षेत्र भ्रमण पर ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बीते 21 से 25 अगस्त तक विभिन्न शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों का भ्रमण किया।

जानकारी के अनुसार उक्त भ्रमण में पीएमश्री उच्च विद्यालय कसमार के पच्चीस छात्र – छात्रा एवं दो एस्कार्ट शिक्षक परमेश्वर बेसरा एवं तुलसी कपरदार शामिल थे। इस दौरान विद्यार्थियों को ओडिशा राज्य के ऐतिहासिक धरोहरों, शांति स्तूप धौलगिरी, नंदन कानन जैविक उद्यान, साइंस सिटी, कोणार्क मंदिर, चंद्रभागा समुद्र तट जैसे स्थलों का भ्रमण कराया गया। यहाँ बच्चों ने सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक महत्व के विभिन्न विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।

बताया जाता है कि भ्रमण के क्रम में साइंस सिटी में छात्रों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल देखे एवं विज्ञान के प्रति अपनी रुचि को उजागर किया। छात्रों ने विभिन्न प्रयोगशालाओं का भी भ्रमण किया जिनमें फिजियोथेरेपी लैब, बॉटनी लैब एवं जूलॉजी लैब आदि शामिल थे। यह शैक्षणिक भ्रमण बहुत ही रुचिकर एवं ज्ञानवर्धक रहा।

भ्रमण कार्यक्रम के सफल संचालन में सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट की जिला समन्वयक शमीना खातून ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भ्रमण के सफल समापन पर विद्यालय के प्राचार्य फारुक अंसारी, नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा समेत अन्य शिक्षक – शिक्षिकाओं ने जिला शिक्षा पदाधिकारी बोकारो प्रवीण रंजन समेत जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय बोकारो के अन्य पदाधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *