सौंदर्य, स्वास्थ्य व् स्वावलंबन से नशामुक्त समाज का संकल्प: हाजीपुर में सेमिनार
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पंचशील सामाजिक संस्था के तत्वावधान में वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में सौंदर्य, स्वास्थ्य और स्वावलंबन – नशामुक्त समाज का संकल्प विषय पर 27 सितंबर को एक प्रेरक सेमिनार का आयोजन किया गया। महिलाओं को सौंदर्य, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा।
इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की सचिव डॉ केकी कृष्ण, अध्यक्ष सुनैना सिंह, सरोज मिश्रा, ममता सिंह एवं मुख्य अतिथि सौंदर्य विशेषज्ञ अंजू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए सौंदर्य विशेषज्ञ अंजू सिंह ने कहा कि आज की महिला केवल परिवार तक सीमित नहीं है। उसके भीतर अनेक प्रतिभाएं हैं। जरूरत है अपने हुनर को पहचान कर उसे निखारने की। उन्होंने कहा कि सौंदर्य क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर महिलाएं घर से ही काम शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। कहा कि हुनर केवल पहचान ही नहीं, रोजगार का सशक्त माध्यम भी है।
संस्था की सचिव डॉ केकी कृष्ण ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य और रोजगार से जोड़ना है। कहा कि जब महिला आर्थिक रूप से सक्षम होती है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और पूरे परिवार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। यह केवल कानून से नहीं, बल्कि परिवार और समाज की सामूहिक जागरूकता से ही संभव होगा।

अध्यक्ष सुनैना सिंह ने कहा कि महिलाओं में हुनर की कमी नहीं है, आवश्यकता है उचित मार्गदर्शन और अवसर की। सरोज मिश्रा और ममता सिंह ने महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा को अपनी ताकत बनाएं और आत्मनिर्भर बनें। इस अवसर पर अंजू सिंह को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संगीता सोनी, आरती सोनी, माया चौधरी, आशा देवी, गीता क्याल, कुमुद दुबे, प्रियंका माला, गीता दुबे, मीना सिंह, शर्मिला सिंह, सीता सोनी, रूबी सिंह, सिम्मी चौधरी, आरती गुप्ता, रेखा जायसवाल, सीमा ठाकुर, सीमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही। अंत में संस्था ने महिलाओं को हुनर, कौशल विकास और स्वावलंबन से जोड़ने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply