Advertisement

दुर्गा पूजा को लेकर कसमार पुलिस अलर्ट, शांति समिति की बैठक में दिए गए निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आगामी दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर 9 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में कसमार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य रहिवासियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर अंकुश लगाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने पूजा के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की।

मौके पर सीओ नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का त्योहार है। सभी मिल-जुलकर त्योहार मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि पूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियां एवं आम रहिवासी त्योहार को अच्छे ढंग से मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
बैठक में उपस्थित अमन पसंद रहिवासियों से अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *