अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित आयोजन को लेकर 7 नवंबर को अनुमंडल सभागार सोनपुर में समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में यातायात व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, आधारभूत सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, अतिक्रमण हटाने और मेला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर चर्चा की गयी। डीएम ने पूर्व के निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। उन्होंने मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन से समन्वय कर डायवर्सन रूट को अंतिम रूप देने और दोनों ओर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। राजधानी पटना की ओर भी एक अतिरिक्त स्थान की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। पूरे सोनपुर शहर में बुनियादी जन सुविधाएं दुरुस्त करने के लिए नगर निकाय के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में मेला के दौरान स्थानीय रहिवासियों के सुगम आवागमन के लिए मेला अवधि में पास निर्गत करने की व्यवस्था पर एसडीओ सोनपुर से जानकारी ली गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बाइक और स्कूटी पार्किंग की समुचित व्यवस्था पर विशेष बल दिया। प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा में डीएम ने मेला क्षेत्र की गलियों और विभिन्न जोन में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के निर्देश दिए।
इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्युत केंद्र स्थापित करने तथा पंडाल क्षेत्र में विद्युत और लाइटिंग कार्यों की गुणवत्ता जांच कराने को कहा। सभी कार्यों के वर्क ऑर्डर और सत्यापन के लिए जांच टीम गठित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में भवन प्रमंडल के अधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व के बाद बैरिकेडिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ और एसडीपीओ सोनपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मेला क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थलों पर स्पष्ट और पर्याप्त साइनेज लगाने पर भी चर्चा की गयी। पेयजल, शौचालय और सौंदर्यीकरण को लेकर पीएचईडी के अधिकारियों से विभिन्न स्थलों पर वॉशरूम और पेयजल सुविधा के लिए प्रस्तावित क्लस्टर की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने इन स्थलों की सूची और लोकेशन चार्ट बोर्ड पर साझा करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

प्रतिमा निर्माण के संबंध में बताया गया कि ग्रेनाइट पत्थर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। नगर क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और जहां स्ट्रीट लाइट नहीं है, वहां नई प्रकाश व्यवस्था की कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि मेला अवधि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और मेले की सुंदरता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके अलावा आरसीडी और आरडब्लूडी विभाग की सड़कों को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने एसडीओ को कार्यों की नियमित निगरानी के लिए समिति गठित करने और समिति के माध्यम से प्रगति एवं अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
![]()













Leave a Reply