Advertisement

जोरों पर विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां

आगामी 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक सजेगा आस्था व् संस्कृति का अनूठा बाजार

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध 32 दिवसीय हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं।मेला क्षेत्र में निर्माण कार्यों ने तीव्र गति पकड़ ली है। पर्यटन विभाग के मुख्य पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में स्टालों का निर्माण तेजी से दिखाई देने लगा है।

इसके साथ ही मेला में थियेटर, मनोरंजन के विभिन्न साधन और विशाल झूलों को लगाने का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है। इस वर्ष यह मेला आगामी 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक यानी पूरे 32 दिनों तक आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के जुटने की उम्मीद है। मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए सारण जिला प्रशासन द्वारा पहले ही 14 कोषांगों का गठन किया जा चुका है। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान के अवसर पर नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नावें, नाविक, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। साफ-सफाई और प्रशासनिक निगरानी की दृष्टि से पूरे मेला क्षेत्र को 2 जोन और 10 सब-जोन में विभाजित किया गया है। अस्थायी विद्युतीकरण कोषांग को मेला क्षेत्र में निर्बाध और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मेले के सभी 32 दिनों के लिए एक विस्तृत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर पहले ही तैयार किया जा चुका है। स्थानीय संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए भागवत कथा, रामलीला और प्रतिदिन घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। आउटडोर कार्यक्रमों के तहत नौका दौड़, रोमांचक कुश्ती और पतंगबाजी जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन होगा। विधि-व्यवस्था कोषांग द्वारा मेला क्षेत्र में सुरक्षा और सहायता के लिए अस्थायी थाने और पुलिस चौकियों का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्य पंडाल में होगा भव्य उद्घाटन

बताया जा रहा है कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर में मेलार्थियों के स्वागत और आयोजनों के संचालन के लिए पर्यटन विभाग द्वारा 220×100 फीट आकार के मुख्य पंडाल का निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है। इसके अलावा, मेले के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर बनाए जा रहे छह थीम आधारित भव्य प्रवेश द्वार इसकी सुंदरता और आकर्षण में चार चांद लगाएंगे।

लगभग 38,000 वर्ग फीट के विशाल क्षेत्र में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज को विकसित किया गया है। यहां 35 अत्याधुनिक स्टालों के साथ-साथ एक वीआईपी लाउंज और मीडिया सेंटर का निर्माण कार्य जारी है। देश-विदेश के नामी शिल्पकार अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मेले के दौरान बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज का निरीक्षण किया था तथा स्टालों पर जाकर दुकानदारों से सीधे संवाद किया था। इस वर्ष हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है।

मेले के दौरान 17 से 23 दिसंबर तक विशेष बुक फेयर का आयोजन किया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक संध्या के रूप में इंद्रधनुष कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत, कव्वाली और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ यह आयोजन दर्शकों के लिए मनोरंजन और ज्ञानवर्धन दोनों का बेहतरीन केंद्र बनेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *