एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 5 नवम्बर को केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) क्षेत्रीय कार्यालय रांची संभाग के निरीक्षण दल द्वारा विद्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल की प्रमुख केन्द्रीय विद्यालय संगठन रांची संभाग की सहायक आयुक्त सुजाता मिश्र थी। उनके साथ निरीक्षण दल के अन्य सदस्यों में केन्द्रीय विद्यालय क्रम एक बोकारो के प्राचार्य मनोज कुमार, केवी सीसीएल रांची की प्राचार्या मीना तिर्की और केवी गोमो की एचएम वर्मा शामिल रही। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार निरीक्षण दल के विद्यालय पहुँचने पर प्रातःकालीन प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी.आर. डे द्वारा सभी आगंतुक सदस्यों को पौधे भेंट कर अनूठे अंदाज में ग्रीन वेलकम (हरा स्वागत) किया गया।
विद्यालय परिसर में प्रार्थना सभा के दौरान विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। सहायक आयुक्त सुजाता मिश्र ने प्रार्थना सभा की सराहना करते हुए विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा संचालित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की प्रशंसा की। साथ ही, विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई सुझाव भी दिए। प्रार्थना सभा के उपरांत निरीक्षण दल ने कक्षाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और पठन-पाठन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा शिक्षकों की शिक्षण शैली का बारीकी से जायजा लिया।

पूरे दिन चली इस निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान विद्यालय की हर गतिविधि का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया। अंत में निरीक्षण दल द्वारा सभी शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें दल ने सकारात्मक फीडबैक साझा किए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी.आर. डे ने निरीक्षण दल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने निरीक्षण दल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी रचनात्मक सुझावों का विद्यालय में पूरी ईमानदारी से पालन किया जाएगा। मौके पर यादगार पलों को सहेजने के लिए ग्रुप फोटोग्राफी की गई तथा राष्ट्रगान के साथ वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
![]()













Leave a Reply