वन विभाग के पिंजरा लगाने के प्रयास पर टिकी निगाहें, आदमखोर को मारने की मांग
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार और पेटरवार प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सियारों के लगातार बढ़ते हमलों से रहिवासियों में दहशत का माहौल है। आए दिन सियारों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। सियार के काटने से अब तक चार ग्रामीण रहिवासियों की जान जा चुकी है, जबकि दो दर्जन से अधिक रहिवासी घायल हो चुके हैं।
लगातार बढ़ती घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। रहिवासी भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर वन बचाव समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने चिंता जताते हुए वन विभाग से ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
महतो ने 8 नवंबर को भेंट में कहा कि कसमार और पेटरवार प्रखंड में सियारों के हमले की घटनाएं बेहद गंभीर होती जा रही हैं। वन विभाग प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे (केज) लगाकर सियारों को पकड़ने का प्रयास कर रहा है। जगह-जगह पिंजरे लगाए जा रहे हैं, लेकिन देखना होगा कि विभाग का यह प्रयास कितना सफल हो पाता है।
उन्होंने आशंका जताई कि इतनी बड़ी संख्या में अलग-अलग क्षेत्रों में सियार के हमले की घटनाओं के पीछे एक से अधिक संक्रमित अथवा आक्रामक सियार हो सकते हैं। संभव है कि कई सियार रेबीज से संक्रमित हों और उनके संपर्क में आने से अन्य जानवर भी संक्रमित हो रहे हों। ऐसे में पूरे प्रभावित क्षेत्र में व्यापक स्तर पर निगरानी एवं कार्रवाई की जरूरत है।
समिति के केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यदि पिंजरे लगाने और सियारों को पकड़ने का प्रयास सफल नहीं होता है, तो वन विभाग को विशेषज्ञों एवं संबंधित अधिकारियों की निगरानी में खतरनाक तथा रेबीज से संक्रमित सियारों को नियंत्रित करने के लिए वैधानिक एवं प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और रहिवासी ग्रामीणों की जान जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सियारों का हमला किसी के साथ भी हो सकता है। इसलिए इसे किसी एक गांव या परिवार की समस्या नहीं समझना चाहिए। यह पूरे क्षेत्र के लिए भय और चिंता का विषय बन चुका है। वन विभाग को प्रभावित गांवों में विशेष निगरानी, जागरूकता अभियान और त्वरित बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। महतो ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, अकेले सुनसान एवं जंगल क्षेत्रों में जाने से बचने तथा सियार दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं जाने की अपील की। कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालना प्रशासन एवं वन विभाग की जिम्मेदारी है।
![]()













Leave a Reply