Advertisement

कसमार के कमलापुर में काली पूजा तथा माता जागरण का भव्य आयोजन

पूर्व विधायक, जिप सदस्य एवं पोड़ा मुखिया ने उद्घाटन कर माता दरबार में टेका माथा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। काली पूजा के अवसर पर 8 नवंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के कमलापुर में माता जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज एवं पोड़ा पंचायत के मुखिया हारू रजवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने माता काली के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि मां काली शक्ति, साहस और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी आस्था और परंपराओं को मजबूत करते हैं। कहा कि माता जागरण के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को काली पूजा की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता बनाए रखने की अपील की।

जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। माता के जागरण में शामिल होकर मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने मां काली से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सभी के खुशहाल जीवन की कामना की। वहीं पोड़ा पंचायत के मुखिया हारू रजवार ने कहा कि गांव में इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने से सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।

माता के जागरण में सभी की सहभागिता हमारी सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक आस्था को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। बताया जाता है कि उद्घाटन के बाद माता जागरण में भक्ति गीतों और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *