एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। विगत 2025-26 के झारखंड बजट सत्र में सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो द्वारा सलगाडीह से बारेंदा कैनाल सड़क के निर्माण का मुद्दा विधानसभा में उठाया गया था। इसके बावजूद आज तक इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
उक्त बाते पांच परगना फाइटर्स के केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने 24 नवंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।
उन्होंने कहा कि लगभग 30 किलोमीटर लंबी यह सड़क वर्षों से अपने निर्माण की प्रतीक्षा कर रही है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण पांच परगना क्षेत्र के रहिवासी आज भी ठोकर और हिचकोले खाकर सफर करने को विवश है। ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महतो ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांची नदी के बालू से राजधानी रांची के विकास के लिए लगातार संसाधन मिल रहे हैं, तो फिर कांची नदी और कैनाल रूट के आसपास रहने वाले पांच परगना क्षेत्र के रहिवासियों के विकास की बारी कब आएगी? अगर इस क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधन पूरे राज्य के विकास में योगदान दे सकते हैं, तो यहां के रहिवासियों को अच्छी सड़क, बेहतर आवागमन और बुनियादी सुविधाओं का अधिकार क्यों नहीं मिलना चाहिए? उन्होंने सरकार से मांग की है कि सलगाडीह–बारेंदा कैनाल सड़क निर्माण की प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाया जाए और निर्माण कार्य के लिए स्पष्ट समय-सीमा घोषित की जाए। कहा कि पांच परगना के रहिवासी अब आश्वासन नहीं, विकास का ठोस काम चाहते हैं।
![]()













Leave a Reply