Advertisement

कथारा चार नंबर में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया खिचड़ी भोग

क्षेत्र के नये महाप्रबंधक का पूजा कमिटी ने किया सम्मान, जीएम ने की सराहना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के कथारा चार नंबर दुर्गा मंडप का प्रांगण बीते 9 नवंबर को भक्ति, आस्था और भाईचारे से सराबोर नजर आया। यहां काली पूजा समिति के सौजन्य से महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी भोग का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन कोई एक-दो साल का नहीं बल्कि लगभग 25 वर्षों से लगातार बिना रुके होता रहा है, जो अब क्षेत्र की पहचान बन चुका है।

ज्ञात हो कि आयोजित महाभंडारा को लेकर सुबह से ही मंडप में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। दोपहर होते-होते पूरा प्रांगण श्रद्धालुओं से भर गया। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी कतार में बैठकर महाप्रसाद ग्रहण करते नजर आए। समिति के कार्यकर्ता पूरी व्यवस्था में लगे थे, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो। हजारों श्रद्धालुओं ने यहां महाप्रसाद ग्रहण किया और मां काली का आशीर्वाद लिया।

आयोजन में सीसीएल कथारा क्षेत्र के नये महाप्रबंधक राजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। समिति के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र, पगड़ी देकर उनका भव्य स्वागत किया। उनके साथ कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार, कथारा वाशरी पीओ अमरेंद्र कुमार, महाप्रबंधक सह विभागाध्यक्ष उत्खनन अभिजीत दत्ता, समाजसेवी सूरज लाल सिंह, ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम, आईईएल थाना प्रभारी श्यामल कुमार मंडल, कोलियरी प्रबंधक कृष्ण मुरारी, वाशरी प्रबंधक विक्रम कुमार सहित कई समाजसेवी और गणमान्य उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने मां काली के दरबार में मत्था टेका और क्षेत्र की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद सभी ने एक साथ बैठकर महाप्रसाद ग्रहण किया।

मौके पर महाप्रबंधक राजीव सिंह ने कहा कि काली पूजा समिति द्वारा 25 वर्षों से लगातार खिचड़ी भोग का आयोजन करना वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक है। यह सिर्फ भोग वितरण नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता, भाईचारे और मानव सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है। यहां अमीर-गरीब छोटा-बड़ा सब एक पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं, यही हमारी भारतीय संस्कृति की असली ताकत है। उन्होंने कहा की ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है।

सीसीएल कथारा क्षेत्र प्रबंधन हमेशा क्षेत्र के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों, सामाजिक कार्यों और विकास में सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। वे समिति के सभी सदस्यों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं को इस सफल आयोजन के लिए साधुवाद देते है और मां काली से प्रार्थना करते है कि पूरे कथारा क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। कहा कि वे जहां भी रहे उन्हें माता का आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा है। यहां आने के बाद उन्होंने माँ की खोज में लगे रहे, जो अब जाकर पुरा हुआ है। इसके लिए कथारा चार नंबर पूजा कमिटी बधाई के पात्र है।

समिति के संरक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि 25 साल पहले कुछ गणमान्य जनों ने मिलकर छोटे स्तर पर इस आयोजन की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे जन सहयोग बढ़ता गया और आज यह आयोजन एक बड़े महोत्सव का रूप ले चुका है। कहा कि हर साल काली पूजा के बाद खिचड़ी भोग का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के दर्जनों गांवों और कॉलोनियों से श्रद्धालू रहिवासी पहुंचते हैं।

कार्यक्रम के अंत में काली पूजा समिति के सदस्यों ने महाप्रबंधक, सभी पदाधिकारियों, पुलिस प्रशासन और हजारों श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा गया कि सभी के सहयोग से ही यह परंपरा अनवरत चली आ रही है और आगे भी ऐसे ही चलती रहेगी।

मौके पर पूजा समिति के एम एन सिंह, विजय सिंह, देवाशीष आस, राजीव पांडेय, विजय यादव, पवन सिंह, राजेश पांडेय, संतोष सिन्हा, सुजीत मिश्रा, तपेश्वर चौहान, मोनू कुमार, विक्की चौहान, कमलकांत सिंह, चाणक्य,अश्विनी कुमार, मुकेश गिरि, अर्जुन करमाली, सुरेश ठाकुर, सी एस प्रसाद, रंजीत सिंह सहित सूरज लाल सिंह, सुभाष कटरियार, वेदब्यास चौबे, टिंकू साव, रामेश्वर कुमार मंडल, आशीष चक्रबर्ती, रंजय सिंह, कमलकांत सिंह, राहुल कुमार सिंह व् दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *