Advertisement

इंडिया गठबंधन की चट्टानी एकजुटता से भाजपा में बढ़ी बेचैनी-विजय शंकर नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन की चट्टानी एकजुटता से भाजपा में बेचैनी बढ़ गयी है। अपने ही विधायकों के असंतोष से दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत सुनिश्चित होगी।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने 16 जून को एक भेंट में कहा कि राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा के खेमे में बेचैनी है। असंतोष और अविश्वास अब खुलकर सामने आने लगा है, जबकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट, मजबूत और आत्मविश्वास से सराबोर है। राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नायक ने कहा कि भाजपा का पूरा राजनीतिक अभियान आज असमंजस, अविश्वास और अंदरूनी खींचतान का शिकार हो चुका है। कहा कि मीडिया में लगातार ऐसी खबरें सामने आ रही है कि भाजपा के कई विधायक पार्टी की रणनीति और फैसलों से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बैठकों में अनुपस्थिति और संगठन के भीतर बढ़ती बेचैनी यह संकेत दे रही है कि भाजपा अपने घर को भी संभाल पाने में असफल साबित हो रही है।

कहा कि जो पार्टी अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए लगातार कवायद कर रही हो, वह दूसरों को राजनीतिक स्थिरता का पाठ पढ़ाने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि आखिर उसके विधायकों को चुनाव तक एक होटल में साथ रखने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? यदि भाजपा नेतृत्व को अपने विधायकों पर पूरा भरोसा है तो फिर ऐसी व्यवस्थाओं की जरूरत क्यों महसूस हो रही है? यह स्थिति स्वयं भाजपा के भीतर व्याप्त असुरक्षा, अविश्वास और राजनीतिक घबराहट को उजागर करती है।

नायक ने कहा कि दूसरी ओर इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और झारखंड के हितों की रक्षा के साझा संकल्प के साथ मजबूती से खड़े हैं। गठबंधन के विधायक किसी दबाव, प्रलोभन या साज़िश के आगे झुकने वाले नहीं हैं। कहा कि भाजपा द्वारा भ्रम फैलाने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की हर संभव कोशिश पहले भी विफल हुई है और इस बार भी विफल होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी ऊर्जा जोड़-तोड़, प्रबंधन और सत्ता बचाने की राजनीति में लगा रही है, यदि उतनी ऊर्जा महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और झारखंड के विकास में लगाती तो आज उसे अपने ही विधायकों के असंतोष और अविश्वास का सामना नहीं करना पड़ता।

नायक ने कहा कि झारखंड की जनमानस सब कुछ देख रही है। एक तरफ इंडिया गठबंधन की चट्टानी एकजुटता है, दूसरी तरफ भाजपा के भीतर बढ़ता असंतोष और नेतृत्व पर सवाल है। कहा कि राज्यसभा चुनाव का परिणाम यह साबित करेगा कि झारखंड की राजनीति खरीद-फरोख्त, दबाव और साज़िश से नहीं बल्कि जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों से संचालित होती है। उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित है और यह चुनाव भाजपा के अहंकार, झारखंड विरोधी सोच तथा उसके अंदरूनी बिखराव पर जनता की लोकतांत्रिक मुहर साबित होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *