Advertisement

संत जेवियर्स में सीआईएससीई बिहार-झारखंड क्षेत्रीय खो-खो प्रतियोगिता

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के संत जेवियर्स विद्यालय में आयोजित सीआईएससीई बिहार-झारखंड क्षेत्रीय खो-खो प्रतियोगिता का सफल समापन एक अगस्त को हो गया।

बीते 31 जुलाई से एक अगस्त तक आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के रांची, जमशेदपुर, देवघर और धनबाद सहित बिहार के भागलपुर व् पटना जोन की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-14 बालक वर्ग में भागलपुर विजेता और रांची उपविजेता रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में धनबाद ने खिताब जीता, जबकि रांची उपविजेता रही। अंडर-17 बालक वर्ग में भागलपुर विजेता और देवघर उपविजेता बना। इसी क्रम में अंडर-17 बालिका वर्ग में रांची ने पहला स्थान हासिल किया तथा धनबाद उपविजेता रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में भागलपुर विजेता और जमशेदपुर उपविजेता बना, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में धनबाद विजेता और भागलपुर उपविजेता रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सीआईएससीई बिहार-झारखंड के जोनल सेक्रेटरी तथा विद्यालय के प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साह, कौशल और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का समापन किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *