Advertisement

पेटरवार में एक शाम रफ़ी के नाम का आयोजन, महान गायक को दी गई श्रद्धांजलि

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार में भारतीय फिल्मोधोग के दिवंगत महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफ़ी की 46वीं पुण्यतिथि मनायी गयी।

बताया जाता है कि मो. रफी की पुण्यतिथि के अवसर पर बीते 31 जुलाई की रात आदर्श संगीत ग्रुप द्वारा पेटरवार के मेलाटांड़ स्थित वीणा परिषद के रंगमंच पर एक शाम रफ़ी के नाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों ने रफ़ी साहब के सदाबहार गीतों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, जिला परिषद सदस्य प्रह्लाद महतो, प्रखंड प्रमुख सीमा देवी, बुण्डू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति तथा सुधीर कुमार सिन्हा ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने मोहम्मद रफ़ी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मोहम्मद रफ़ी भारतीय संगीत जगत की ऐसी अमर आवाज़ हैं, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके गीत आज भी आमजनों के दिलों में उसी तरह बसे हैं। कहा गया कि चौदहवीं का चाँद हो, बहारो फूल बरसाओ और क्या हुआ तेरा वादा, नफरत की दुनियां छोड़ प्यार की दुनियां में (हाथी मेरे साथी), खिलौना, जानवर, तुम तो मेरा दिल (खिलौना) अरमां था हमें जिनका वो प्यार के दिन आए (औलाद), ओ फिरकी वाली तू कल फिर आना (राजा और रंक) जैसे गीत आज भी श्रोताओं को भाव विभोर कर देते हैं और रफ़ी साहब को सदैव जीवंत बनाए रखते हैं।

आयोजित सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकार सीना नायक, रवि नायक, विजय साव, कुमार अनिमेष, रवि तांती, हजारीबाग की मोना कुमारी, फुल मनी तथा रामगढ़ के विकास कुमार महतो ने मोहम्मद रफ़ी के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया। वाद्य संगत में बैजनाथ राम, सुनील नायक, कुमार निखिल, उपेंद्रनाथ गोस्वामी, नकुल नायक ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में रितेश कुमार सिन्हा, देवानंद प्रसाद, भोला प्रसाद, संजय तांती, चंदन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *