Advertisement

संत जे़वियर्स विद्यालय में दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के संत जे़वियर्स विद्यालय में 15 और 16 जून को दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे के मार्गदर्शन में शिक्षकों के शिक्षा में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टाफ ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य ने बताया कि नियमित संवाद, प्रगति की जानकारी साझा करना तथा विद्यार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को समझना बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सहायक होता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके नैतिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास पर भी ध्यान देने का आग्रह किया। विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य दीपक चौधरी एवं देबाशीष गुप्ता ने अभिभावकों का विश्वास और सहभागिता बढ़ाने के लिए कई नई पहलों की चर्चा की। इनमें अभिभावक कार्यशालाएँ, मासिक प्रगति रिपोर्ट, घर-विद्यालय साझेदारी परियोजनाएँ तथा सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्रणाली शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और आत्मविश्वासी नागरिक बनाना भी इसका उद्देश्य है।

यह कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इसने सभी शिक्षकों को अपने व्यावसायिक विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति और अधिक समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *