अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आम जन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 21 जुलाई को सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के कसमर एवं सैदपुर पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार आयोजित शिविर में विद्युत, राजस्व, खाद्य आपूर्ति, नल-जल आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने उपस्थित रहिवासियों की शिकायतें सुनीं और उनके आवेदन जमा लिए। साथ ही, पूर्व में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन करते हुए जन्म, मृत्यु, आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र संबंधित लाभुकों को सौंपे गए।
इस अवसर पर सोनपुर बीडीओ अरोमा मोदी, सीओ राजकुमार, बीपीआरओ राजेश कुमार, आरओ संजीव कुमार और मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी रीना सिन्हा ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ अरोमा मोदी ने किया। वहीं सैदपुर पंचायत में आयोजित जन संवाद शिविर में राशन कार्ड से नाम कटने या नए कार्ड बनवाने संबंधी 28, राजस्व संबंधी 75, वृद्धा पेंशन के 2, नल-जल योजना के 2 और विद्युत विभाग से संबंधित 3 आवेदन प्राप्त हुए।

जबकि, कसमर पंचायत में खाद्य आपूर्ति के 35, राजस्व के 9, विद्युत के 2 और नल-जल के 3 आवेदन प्राप्त हुए।सोनपुर बीडीओ अरोमा मोदी ने बताया कि सभी आवेदनों को जांच के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है और जांच के उपरांत 30 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उक्त शिविर में मुख्य रूप से राशन कार्ड बंद होने, मृत पूर्वजों की जमाबंदी को वर्तमान भू-स्वामी के नाम जोड़ने, खेसरा व चौहद्दी में सुधार और वृद्धा पेंशन न मिलने जैसी शिकायतें अधिक संख्या में दर्ज की गई।
अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और सहायता प्रदान की। ज्ञात हो कि, प्रखंड प्रशासन की इस पहल से सैकड़ों ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत मिली है, जिसे सुशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। शिविर में स्थानीय मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं समाजसेवियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
![]()













Leave a Reply