Advertisement

नवनियुक्त सीडीपीओ ने संभाला पदभार, निवर्तमान सीडीपीओ की विदाई

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत बाल विकास सेवा में हाल ही में हुए बड़े पैमाने पर स्थानांतरण के बाद, वैशाली जिला के हद में बिदुपुर से आई मीनाक्षी ने सारण जिला के हद में सोनपुर की नई बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) के रूप में पदभार ग्रहण किया।

बताया जाता है कि पदभार ग्रहण करने के उपरांत कार्यालय के कर्मियों ने सीडीपीओ मीनाक्षी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वहीं, निवर्तमान सीडीपीओ श्वेता कुमारी को कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अंग वस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी। इस दौरान सोनपुर में स्थानांतरित होकर आई नई पर्यवेक्षिका का भी स्वागत किया गया, जबकि स्थानांतरण पर गईं पर्यवेक्षिका को विदाई दी गई।

विदाई समारोह में डेटा इंट्री ऑपरेटर अरविंद कुमार, पर्यवेक्षिका सरिता कुमारी, पिंकी कुमारी, भारती कुमारी, रुचि कुमारी, आर्या सिंह और कुमारी मुदिता रानी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं उपस्थित रही। विदाई सह स्वागत समारोह के दौरान कर्मियों ने निवर्तमान सीडीपीओ श्वेता कुमारी की कार्यप्रणाली की सराहना की।

उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दिए गए निर्देश और मार्गदर्शन सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगे। विदाई के क्षणों में सभी के मन भावुक थे। उपस्थित कर्मियों ने श्वेता कुमारी के स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना की। वहीं, सभी कर्मियों ने नई सीडीपीओ मीनाक्षी का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *