एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बोकारो जिला के हद में बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र तथा कथारा ओपी क्षेत्र में मुहर्रम मनाई गई। जगह जगह मुहर्रम जुलूस में शामिल युवाओं के जत्था ने उम्दा खेल का प्रदर्शन किया। वहीं अचानक आयी बारिश ने मुहर्रम जुलूस में शामिल जनसमूह के उत्साह पर पानी फेर दिया।
जानकारी के अनुसार मुहर्रम का जुलूस बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती, राजबाजार, नूरीनगर से निकाली गई। रेलवे स्टेशन एवं थाना चौक में खेल का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकु कुमार यादव के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। इसके अलावे रेलवे स्टेशन चौक में गोविंदपुर डी पंचायत की मुखिया चन्दना मिश्रा, उप मुखिया देवती देवी, समाजसेवी बाबूलाल गिरी आदि जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठन द्वारा शर्बत की व्यवस्था की गयी थी।
इसी क्रम में ताजिया जुलूस थाना क्षेत्र के कथारा दो नंबर स्थित इमामबाड़ा से निकलकर कथारा एक नंबर मार्ग से कथारा मोड़ आयशा कंप्लेक्स पहुंची। यहां लाठी खेल का उम्दा प्रदर्शन किया गया। इसके बाद ताजिया जुलूस स्टाफ कॉलोनी मस्जिद पहुंची जहां पारंपरिक अस्त्रों के साथ खेल का आयोजन किया गया। यहां जुलूस में शामिल जनों के लिए पेयजल एवं मीठा शरबत की व्यवस्था की गयी थी।

इस अवसर पर कथारा ओपी क्षेत्र के असनापानी स्थित महाप्रबंधक आवासीय परिसर के सामने खुले स्थान में ताजिया जुलूस का आयोजन किया गया, जहां असनापानी सहित कथारा से आये विभिन्न ताजीयों का मिलान कर खेल का आयोजन किया गया। हालांकि खेल के दौरान अचानक आये बारिश ने यहां लगे मेले का रंग फीका कर दिया, बावजूद इसके ताजिया जुलूस में शामिल जंघासबंडा तथा युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गयी। यहां शरबत की व्यवस्था की गयी थी।
इसके अलावा बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह सीटू कार्यालय के समक्ष आयोजित ताजिया जुलूस में बारिश के कारण लाठी खेल व् करतब को रोक देना पड़ा। अंजुमन कमिटी के सदर एसएम हारून तथा पूर्व मुखिया मो. इम्तियाज ने बताया कि बारिश ने मुहर्रम के उत्साह को कम कर दिया है।
खास यह कि मुहर्रम में ताजिया जुलूस के बीच महाराष्ट्र के मुंबई से पहुंचकर जगत प्रहरी के प्रबंध संपादक मुस्ताक खान ने बारिश की परवाह न करते हुए भींगते हुए असनापानी, सर्विस सेंटर तथा जारंगडीह में जुलूस में शामिल तमाम जनों के बीच जल का वितरण किया।
![]()













Leave a Reply