रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर 26 जून को मीडिया मॉनिटरिंग सेल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीईओ-सह-बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने की।
इस अवसर पर डीसी ने एसआईआर-2026 के प्रभावी प्रचार-प्रसार, मतदाता जागरूकता अभियान तथा भ्रामक एवं फर्जी सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर से जुड़ी सभी गतिविधियों की जानकारी नियमित रूप से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनों तक पहुंचाई जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता सही जानकारी प्राप्त कर सके और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने अथवा आवश्यक संशोधन कराने का लाभ उठा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए।
बैठक में साइबर फ्रॉड और फर्जी सूचनाओं के प्रति रहिवासियों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने, नियमित मीडिया ब्रीफिंग आयोजित करने तथा राजनीतिक दलों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया गया। डीसी ने बीएलओ की गतिविधियों की क्षेत्रीय स्तर पर लगातार निगरानी करने और उनकी दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि एसआईआर-2026 को लेकर फर्जी या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कहा गया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता तक सही जानकारी पहुंचाना, मतदाता सहभागिता बढ़ाना तथा एसआईआर-2026 की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सफल बनाना है।बोकारो जिला प्रशासन ने आम मतदाताओं से भी अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।
![]()













Leave a Reply