अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के सबलपुर क्षेत्र में गंगा नदी के कटाव को रोकने के लिए चल रहे कार्यों की धीमी रफ्तार से स्थानीय रहिवासियों में भारी आक्रोश है। इसे लेकर 16 जून को ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह से मुलाकात की और कार्य में तेजी लाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
विधायक को सौपे गए ज्ञापन में रहिवासियों द्वारा कहा गया है कि क्षेत्र की सुरक्षा के लिए कुल 16 संवेदनशील स्थलों पर बोल्डर पिचिंग और मेगा जियो बैग लगाने का कार्य स्वीकृत हुआ था। लेकिन संवेदक (ठेकेदार) की लापरवाही के कारण अब तक केवल 11 स्थलों पर मेगा जियो बैग और महज 2 स्थलों पर ही बोल्डर पिचिंग का काम शुरू हो सका है। शेष बचे स्थलों पर काम ठप रहने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ज्ञापन में रहिवासियों ने आरोप लगाया है कि कार्यस्थलों पर न तो पर्याप्त संख्या में श्रमिक हैं और न ही आवश्यक मशीनरी। तकनीकी कर्मियों की अनुपस्थिति और संवेदक द्वारा नियमित निगरानी नहीं किए जाने से काम बेहद सुस्त है।
कहा गया कि इससे पहले भी कई लोकतांत्रिक तरीकों से विरोध दर्ज कराया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। कहा गया कि मानसून सिर पर है और गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अगर युद्धस्तर पर कटाव रोधी कार्य पूरा नहीं किया गया, तो सबलपुर के बड़े हिस्से पर बाढ़ और कटाव का खतरा मंडराने लगेगा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने इस योजना को मंजूरी दिलाने के लिए बिहार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों की सराहना भी की गयी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनपुर विधायक सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे इस संबंध में तुरंत विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन से बात करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी और मानसून से पहले कार्य में तेजी लाकर उच्च स्तरीय निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
![]()













Leave a Reply