Advertisement

ताजपुर के मुर्गियाचक में खेग्रामस का सदस्यता अभियान शुरू

हत्यारे-अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को ले 22 को ताजपुर थाना का घेराव-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक में 16 जून को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) द्वारा सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।

इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा गरीबों, खेत मजदूरों और मेहनतकश रहिवासियों के अधिकारों की लड़ाई समेत भूमिहीन को वासभूमि-आवास, जरूरतमंदों का रद्द राशनकार्ड को बहाल करने, शिक्षा- चिकित्सा एवं बुलडोजर राज के खिलाफ आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया।

भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने ताजपुर थाना कांड संख्या 98/26 के तहत मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव सहनी हत्याकांड के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है। हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं न्याय की मांग को लेकर आगामी 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में रहिवासियों से भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। मौके पर मो. कादीर, मो. अख्तर, सुखिया खातून, रुखसाना खातून, जहाना खातून, मो. सितारे सहित कई ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। सदस्यता अभियान के दौरान संगठन विस्तार और जनसमस्याओं को लेकर आगामी संघर्षों पर भी चर्चा की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *