Advertisement

ताजपुर के मौलानाचक में सदस्यता अभियान, 45 बने खेग्रामस सदस्य

वासभूमि-आवास, राशन कार्ड पुनर्बहाली आदि मांगों को ले खेग्रामस का घेराव का ऐलान

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) द्वारा 11 जुलाई को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के मौलानाचक एवं सरसौना में सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह एवं खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। इस दौरान 45 रहिवासी किसानों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि ताजपुर के भूमिहीन एवं गरीब परिवारों को वासभूमि और आवास उपलब्ध कराने, रद्द किए गए राशन कार्डों को पुनर्बहाल करने, योगियामठ, बहेलिया टोला जर्जर सड़क निर्माण करने तथा विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर खेग्रामस और भाकपा (माले) द्वारा आगामी 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

स्थानीय ग्रामीणों ने नेताओं के समक्ष सरकारी जमीन पर वर्षों से बसे परिवारों को वासगीत पर्चा देने, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने तथा बस्तियों तक पहुंच पथ निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीण रहिवासियों के अनुसार भूमि एवं आवास संबंधी समस्याओं के कारण गरीब परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उपस्थित माले तथा खेग्रामस नेताओं ने रहिवासियों को आश्वासन दिया कि उनके मांगों को आंदोलन के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर व्यापक संघर्ष किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *