Advertisement

महाप्रबंधक से मिलकर विक्रम पांडेय ने उठाया बिजली, स्वास्थ्य व पेयजल संकट का मुद्दा

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। भाजपा नेता विक्रम पांडेय ने 16 जून को बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा जीएम कार्यालय में महाप्रबंधक ए.के.वी. सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बताया जाता है कि भाजपा नेता पांडेय ने इस दौरान क्षेत्र में बिजली, स्वास्थ्य एवं पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर महाप्रबंधक से विस्तृत चर्चा की तथा समाधान की मांग की। पांडेय ने महाप्रबंधक को अवगत कराया कि जारंगडीह क्षेत्र में पिछले लगभग 20 दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण स्थानीय रहिवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने जारंगडीह एवं कथारा स्थित सीसीएल संचालित अस्पतालों में चिकित्सकों, कर्मचारियों तथा आवश्यक दवाइयों की कमी का मुद्दा भी उठाया और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग की। इसके अलावा क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट सहित अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की।

भाजपा नेता विक्रम पांडेय ने कहा कि उपरोक्त समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित एवं प्रभावी पहल की आवश्यकता है, ताकि आम रहिवासियों को राहत मिल सके। यदि समस्याओं का समाधान समय पर नही किया गया तो भाजपा उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा। महाप्रबंधक एकेबी सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मौके पर भाजपा नेता मनोज तिवारी, गौतम राम, आनंद गुप्ता, संतोष राम, चिंटू राम, धीरज पांडेय आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *