Advertisement

सीएमओ डॉ एम एन राम को मजदूर नेता ने सम्मानित कर दी भावभीनी विदाई

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल के कथारा क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएमओ) डॉ एम एन राम के सेवानिवृत्त होने पर 30 अप्रैल को अस्पताल परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के तमाम चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

इस अवसर पर क्षेत्र के मजदूर नेता सह बेरमो विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने सेवानिवृत सीएमओ डॉ राम को अंगवस्त्र तथा बुके देकर सम्मानित किया। मौके पर मजदूर नेता सिंह ने कहा की डॉ राम सिर्फ एक चिकित्सक ही नहीं, बल्कि एक कुशल प्रशासक और संवेदनशील इंसान भी हैं। कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने कथारा क्षेत्रीय अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई दी है।

कहा कि ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक हर विभाग को दुरुस्त किया गया। सबसे बड़ी बात अस्पताल के संविदा कर्मियों, सफाई कर्मियों और मजदूरों की समस्याओं को उन्होंने हमेशा प्राथमिकता दी। वर्ष 2020-21 के कोविड महामारी काल के कठिन दौर में दिन-रात अस्पताल में डटे रहकर जिस तरह उन्होंने मरीजों की सेवा की, वह पूरे बेरमो कोयलांचल के लिए मिसाल है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

समारोह में भावुक हुए सेवानिवृत्त सीएमओ डॉ राम ने सभी का आभार जताया तथा कहा कि कथारा क्षेत्रीय अस्पताल में करीब 11 साल की सेवा में जो भी अच्छा कर पाया वह टीम वर्क और जनप्रतिनिधियों एवं जनता के सहयोग से संभव हो पाया है। कहा कि उनके कार्यकाल में अस्पताल के डॉक्टर, नर्स, वार्ड बॉय से लेकर सफाई कर्मी तक सबने एक परिवार की तरह काम किया है। कहा कि कथारा की जनता ने मुझे हमेशा अपना समझा, यही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी मैं समाज सेवा से जुड़ा रहूंगा।

समारोह में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ उमेश यादव, डॉ एस सेन शर्मा ने डॉ राम के कार्यकाल की सराहना की। मौके पर यूनियन नेता मो. नसीम, मो. समीम, देवाशीष आस, संतोष सिन्हा, दीपक कुमार समेत अस्पताल के सभी कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकवृंद उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने डॉ राम के स्वस्थ व सुखद भविष्य की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *