Advertisement

बहादुरपुर में महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बोकारो-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर बहादुरपुर स्थित सहयोगिनी कार्यालय में महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य पर 30 अप्रैल को प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

बताया जाता है कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह एवं कम उम्र में होने वाले विवाह (अर्ली यूनियन) को रोकने के साथ-साथ महिलाओं और किशोरियों को उनके स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

प्रशिक्षण के दौरान मासिक धर्म स्वच्छता, गर्भधारण, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य एवं अधिकार तथा किशोरियों के नेतृत्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सहयोगिनी के ट्रेनर कुमारी मंजू ने सुरक्षित मातृत्व, गर्भ समापन कानून एवं महिलाओं के स्वास्थ्य अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही जानकारी और जागरूकता से लड़कियां तथा महिलाएं अपने स्वास्थ्य और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं ले सकती हैं।

सहयोगिनी संस्था की समन्वयक कुमारी किरण ने किशोरियों में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, विशेष रूप से मासिक धर्म से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने किशोरियों को स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी समस्या होने पर संकोच छोड़कर सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र की किशोरियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और अपने सवालों के माध्यम से विषय को और अधिक समझने का प्रयास किया। मौके पर मंजू देवी, प्रकाश कुमार महतो, अभय कुमार सिंह, नीतू कुमारी, खुशबू कुमारी, लवली कुमारी, डोली कुमारी, नंदनी कुमारी, प्रिया कुमारी, संजोती कुमारी, श्रीमति कुमारी, मुनिया कुमारी, गुड़िया कुमारी, लक्ष्मी देवी आदि मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *