Advertisement

गर्री में हैंडवाश यूनिट लगाने के नाम पर खानापूर्ति

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। कसमार प्रखंड के हद में गर्री पंचायत में स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में 15 वे वित्त से लग रहे हैंडवाश यूनिट के नाम पर वेंडर द्वारा खानापूर्ति किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

ज्ञात हो कि एक ओर सरकार द्वारा विद्यालयों में हैंडवाश यूनिट लगाने के नाम पर लाखो रुपये खर्च किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी राशि की बंदरबांट की जा रही है।

इस बावत गर्री पंचायत के स्थानीय रहिवासियों का आरोप है कि प्लस टू उच्च विद्यालय में 15 वे वित्त से लग रहे हैंडवाश यूनिट कार्य में कोई गुणवत्ता नहीं है। जैसे-जैसे हैंडवाश यूनिट का निर्माण हो रहा है। योजना के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है।

ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग करते हुए कहा है कि प्लस टू उच्च विद्यालय में काफी संख्या में बच्चे पढ़ाई करते हैं। ऐसे में हैंडवाश यूनिट लगाने के नाम पर वेंडर खानापूर्ति कर रहा है और सरकारी राशि की बंदरबांट कर रहा है। निम्न स्तर का सिंटेक्स पानी टंकी व नल लगाया जा रहा है, जो एक दो महीने में ही खराब हो जाएंगी।

हैंडवाश यूनिट के आकार पर नहीं हो रहा है काम

ग्रामीण रहिवासियों के अनुसार कसमार के गर्री स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में जो 15वे वित्त पंचायत फंड से हैंडवाश यूनिट का निर्माण हो रहा है, उसमें काफी गड़बड़ी बरती जा रही है। प्राक्कलन के अनुसार जिस गुणवत्ता का हैंडवाश बनना था, वैसा ना बनाकर वेंडर सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है।

इस संबंध में जनसेवक अभिषेक कुमार ने कहा कि वेंडर को जैसा हैंडवाश यूनिट बनाने का आकार दिया गया था, वैसा नहीं बना है। वेंडर को बोल दिया गया है कि जबतक सही तरीके से हैंडवाश का निर्माण नहीं होगा तब तक पैसा नहीं दिया जाएगा।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल महतो ने कहा कि अगर हैंडवाश यूनिट लगाने के नाम पर खानापूर्ति हो रही है तो इसकी जानकारी लेकर प्राक्कलन के अनुसार हैंडवाश यूनिट बनाने का निर्देश संबंधित मुखिया व वेंडर को दिया जायेगा।
.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *