Advertisement

टोपोलैंड व् जमीन रजिस्ट्री विवाद को लेकर सोनपुर में जनता कर्फ्यू सफल

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर में टोपोलैंड संघर्ष समिति के आह्वान पर 29 जून को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया गया। आयोजित जनता कर्फ्यू को सोनपुर की जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला।

भूमि अधिकार, उचित मुआवजा, टोपोलैंड विवाद, जमीन की रजिस्ट्री पर लगी रोक, दाखिल-खारिज और रसीद नवीकरण जैसे गंभीर जनहित के मुद्दों को लेकर उक्त शांतिपूर्ण आंदोलन आयोजित किया गया था। इसमें नगर के व्यापारियों, भू-स्वामियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने स्वेच्छा से भाग लेकर एकजुटता दिखाई।

​ जानकारी के अनुसार ​जनता कर्फ्यू के दौरान सोनपुर नगर के प्रमुख बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। बाबा हरिहरनाथ मंदिर की बाहरी क्षेत्र, गज-ग्राह चौक, शहीद महेश्वर चौक, पीएनबी बैंक चौक, रजिस्ट्री बाजार, सोनपुर स्टेशन चौक और गोला बाजार सहित तमाम प्रमुख क्षेत्रों में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। पूरे दिन बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और रहिवासियों ने शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

​जनता की चेतना और न्याय की सामूहिक मांग-विनोद सम्राट

इस अवसर पर ​टोपोलैंड संघर्ष समिति के अध्यक्ष बिनोद सम्राट ने जनता कर्फ्यू की सफलता पर कहा कि ​यह केवल एक बंद नहीं, बल्कि सोनपुर की जनता की लोकतांत्रिक चेतना, अधिकारों के प्रति जागरूकता और न्याय की सामूहिक मांग का सशक्त संदेश है। जनता के इस व्यापक समर्थन ने संघर्ष को नई ऊर्जा दी है और यह स्पष्ट कर दिया है कि जनहित के प्रश्नों पर पूरा समाज एकजुट है।

​​समिति के महामंत्री सह मीडिया प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए सोनपुर की जागरूक जनता, व्यापारिक समुदाय, सामाजिक संगठनों, मीडिया कर्मियों और समिति के समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही इस आंदोलन की सबसे बड़ी पूंजी है। समिति के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए टोपोलैंड और जमीन निबंधन से जुड़े मुद्दों का शीघ्र ही न्यायपूर्ण समाधान निकालेंगे।

​ आंदोलन को सफल और व्यवस्थित बनाये रखने में समिति के पदाधिकारियों की मुख्य भूमिका रही। जिसमें मुख्य रूप से कुणाल सिंह चौहान, भरत सिंह, अभिमन्यु सिंह ‘टुनटुन’, वीरेन्द्र शर्मा, जितेंद्र सिंह, अधिवक्ता नवल कुमार सिंह, चंदन कुमार सिंह, पंकज सिंह, बड़े सिंह, गौतम कुमार, राहुल प्रताप सिंह और मनोज तिवारी सहित कई कार्यकर्ताओं के सक्रिय सहयोग से यह जनआंदोलन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *