Advertisement

जंगबंडीया दल ने पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह के आवास पर की शिष्टाचार मुलाकात

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। मोहर्रम पूर्व निकले जंग बंडीया दल ने पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की। पूर्व मंत्री पुत्र प्रकाश लाल सिंह ने गर्म जोशी से जंग बंडीया दल का स्वागत किया।

जानकारी के अनुसार मुहर्रम पर्व को लेकर बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में परंपरागत रूप से जंगबंडीया जुलूस निकाले जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 जून को फुसरो, राजाबेड़ा और ढोरी बस्ती से निकले जंगबंडीया दल ने झीरकी, साड़म, असनापानी, खेतको क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह के नहर पथ स्थित आवास के समीप उनके सुपुत्र प्रकाश लाल सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की।

बताया जाता है कि जंगबंडीया दल के पहुंचने पर पूर्व जिप सदस्य प्रकाश लाल सिंह ने सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने सभी को मुहर्रम पर्व की मुबारकबाद दी और कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने जंगबंडीया दल के सदस्यों से अपील की कि वे पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि क्षेत्र में अमन-चैन कायम रहे।

इस अवसर पर अजीत नारायण प्रसाद, संजय ठाकुर, आकाश कुमार, भोला रजक, राजेन्द्र राम समेत कई स्थानीय गणमान्य रहिवासी उपस्थित थे। जंगबंडीया दल में शामिल युवकों ने बताया कि वे हर साल मुहर्रम के मौके पर क्षेत्र भ्रमण पर निकलते हैं और समाज के प्रबुद्ध जनों से मिलकर शांति का संदेश देते हैं। कहा कि स्व. माधव लाल सिंह क्षेत्र के लोकप्रिय नेता थे और हमेशा सभी धर्मों का सम्मान करते थे। उनके परिवार से मिलकर उन्हें काफी सुकून मिला है।

गौरतलब है कि मुहर्रम को लेकर गोमिया प्रखंड सहित बेरमो अनुमंडल में प्रशासन अलर्ट है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसडीएम और डीएसपी लगातार क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जुलूस के लिए रूट निर्धारित किए गए हैं और आयोजकों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *