Advertisement

लालगंज में कृषि विभाग के उप परियोजना निदेशक को दी गई श्रद्धांजलि

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के निकटवर्ती वैशाली जिला के हद में लालगंज प्रखंड कृषि कार्यालय सभागार में 22 जुलाई को आत्मा के दिवंगत उप परियोजना निदेशक सियाराम साहू की स्मृति में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा में कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर उन्हें नमन किया।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किसान जितेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न श्रद्धांजलि सभा का संचालन लालगंज के प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय साहू के चित्र पर माल्यार्पण से की गयी, इसके बाद उपस्थित गणमान्य जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में जितेन्द्र सिंह ने कहा कि दिवंगत सियाराम साहू केवल एक कुशल अधिकारी ही नहीं, बल्कि किसानों के सच्चे मार्गदर्शक थे। कृषि क्षेत्र और वैशाली जिले के विकास में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने दिवंगत के सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा को प्रेरणादायक बताया और उनके निधन को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया। डॉ अभय नाथ सिंह ने भी उनके कार्यो को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

शोक सभा के अंत में सभी उपस्थित जनों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सवेरा पटेल, कृषि समन्वयक मो. अशफ़ाक अहमद, प्रकाश भूषण, अरुण कुमार, मो. अफताब आलम, जितेन्द्र कुमार, बीटीएम अनिकेत कुमार, मो. शरीफ, एटीएम डॉ पूजा किशोर, आरती सिंह, राकिया नाज़ खान, विभिन्न किसान सलाहकार, लेखापाल धर्मेंद्र कुमार, रूपेश कुमार, कार्यपालक सहायक रौशन कुमारी, मनीष कुमार सहित कृषि विभाग के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *