Advertisement

देवघर के दुम्मा में सीसीएल द्वारा श्रावणी मेला को ले निःशुल्क चिकित्सा शिविर शुरु

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत झारखंड के देवघर जिला के हद में दुम्मा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर शुरु किया गया। यह शिविर श्रावणी मेला को लेकर लगाया गया है।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार देवघर के दुम्मा में श्रावणी मेला को लेकर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र द्वारा किया गया। यह चिकित्सा शिविर स्थानीय ग्रामीणों एवं बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले कांवरियों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। बताया गया कि यह शिविर बीते 30 जुलाई से आगामी 28 अगस्त तक संचालित रहेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ बीते 31 जुलाई को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके उपरांत दीप प्रज्ज्वलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तत्पश्चात निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने फीता काटकर चिकित्सा शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने शिविर में उपलब्ध विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा उपस्थित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय रहिवासियों के हित में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीसीएल सदैव सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी जनकल्याण के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखेगा।

कार्यक्रम का समापन श्रद्धालुओं एवं उपस्थित अतिथियों के बीच फल एवं मिठाइयों के वितरण के साथ किया गया। इस अवसर पर गिरिडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक के. एस. गैवाल सहित परियोजना पदाधिकारी, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, एरिया कंसल्टेटिव कमेटी (एसीसी) के सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीसीएल की यह पहल समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिचायक है, जिसके माध्यम से श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय रहिवासियों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *