Advertisement

पकरिया टोला में कलश यात्रा के साथ पांच दिवसीय महायज्ञ प्रारंभ

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमियां प्रखंड के साड़म स्थित अति प्राचीन शिव मंदिर में कलश यात्रा के साथ पांच दिवसीय महायज्ञ प्रारंभ किया गया। कलश यात्रा में वर्तमान विधायक एवं पूर्व विधायक शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार साड़म पश्चिमी पंचायत के पकरिया टोला में प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण मे पांच दिवसीय श्रीश्री 1008 श्री रुद्र महायज्ञ 20 मई को कलश यात्रा के साथ शुरू किया गया।

पांच सौ इकावन युवतियों व महिलाओं ने अपने माथे पर कलश रखकर पूरे यज्ञ मंडप की परिक्रमा करते हुए साड़म के बजरंगबली मंदिर, दुर्गा मंदिर, लरैयाटांड़ दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर भ्रमण कर साड़म मुख्य बाजार होते हुए तेनुघाट जलाशय से कलश में जल भरने के लिए गये। वहां से जल भरकर यज्ञ मंडप पहुंचकर कलश को स्थापित किये।

यहां कलश स्थापना के साथ ही पांच दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत हो गई। कलश यात्रा में शामिल गोमियां विधायक डॉ लम्बोदर महतो ने शिव मंदिर परिसर में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की एवं कहा कि सनातन धर्म में यज्ञ का विशेष महत्व है।

उन्होंने कहा कि यज्ञ एक अत्यंत ही प्राचीन पद्धति है, जिसे देश के सिद्ध-साधक संतों और ऋषि-मुनियों ने समय-समय पर लोक कल्याण के लिए करवाया करते थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महायज्ञ का आयोजन होने से आसपास का वातावरण शुद्ध हो जाता है। इस दौरान श्रद्धालु आस्था के सागर में पुण्य की डुबकी लगाते हैं।

पूर्व विधायक माधवलाल सिंह ने कहा कि यज्ञ मानव जीवन को सफल बनाने के लिए एक आधारशिला है। जहां यज्ञ होता है, उस क्षेत्र में संपूर्ण वातावरण पवित्र और देवमय हो जाता है। महायज्ञ के आचार्य नरेश पांडेय ने कहा कि इस महायज्ञ के यज्ञवेदी में स्वाहा कहकर देवताओं को भोजन परोसने से मनुष्य को दुख-दारिद्रता और कष्टों से छुटकारा मिलता है।

उन्होंने कहा कि वेदों में अग्नि परमेश्वर के रूप में वंदनीय है। अग्निदेव से प्रार्थना की जाती है कि हे अग्निदेव हमें अच्छे मार्ग पर ले चलो, हमेशा हमारी रक्षा करो। उन्होंने कहा कि यज्ञ को शास्त्रों में सर्वश्रेष्ठ कर्म कहा गया है। इसकी सुगंध समाज को सुसंगठित कर एक सुव्यवस्था देती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यज्ञ करने वाले अपने आप में दिव्यात्मा होते हैं।

कहा गया कि उक्त मंदिर में स्थापित प्रतिमा विखंडित तथा मंदिर जीर्ण शिर्ण होने के कारण इसका जीर्णोद्धार कर नयी प्रतिमा स्थापित किया जाएगा। मंदिर कमेटी ने बताया कि पांच दिवसीय यज्ञ में प्रतिदिन रात्रि प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

मौके पर जिप अध्यक्ष सुनीता देवी, जिप सदस्य आकाश लाल सिंह, पूर्व जिप सदस्य प्रकाश लाल सिंह, पंसस चांदनी देवी, विष्णुलाल सिंह, उपमुखिया पंकज जैन, होसिर के पूर्व मुखिया घनश्याम राम, रामलखन प्रसाद, चितरंजन साव, विकास जैन, सीताराम प्रसाद, आदि।

जयप्रकाश तिवारी, लक्ष्मीकांंत प्रसाद, निखिल प्रसाद, हरिदास प्रसाद, निलेश राउत, श्रीकांत प्रसाद, जितेन्द्र प्रसाद, सत्येंद्र प्रसाद, तेजवंत प्रसाद, कन्हैया प्रसाद सहित सैकड़ो श्रद्धालुगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *