Advertisement

प्राकृतिक रक्षण द्वारा कन्या उच्च विद्यालय बोड़ेया में पर्यावरण चित्रकला प्रतियोगिता

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड की राजधानी रांची के बोड़ेया स्थित कन्या उच्च विद्यालय में प्राकृतिक रक्षण टीम के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 11 जुलाई को चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से स्वच्छ, हरित एवं सुंदर पर्यावरण का संदेश दिया।

आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राकृतिक रक्षण के संस्थापक एवं चेयरमैन बबलू महतो ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को पेड़-पौधों, जल, वन्यजीव एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सकारात्मक पहल मिलकर बड़े परिवर्तन का आधार बनती हैं।

विद्यालय के प्राचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, रचनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण, छात्र-छात्रा एवं प्राकृतिक रक्षण टीम के सदस्य उत्कर्ष कुमार, आयुष कुमार, अंबर कुमार, जितेंद्र, अभिषेक कुमार, अभिषेक शर्मा एवं करण प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें प्रकृति के प्रति अपने दायित्व का एहसास कराना था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *