रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस ने नो बाइक फॉर माइनर्स अभियान को और तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 जुलाई को बोकारो के सेक्टर छह थाना क्षेत्र में विशेष अभियान के दौरान कई वाहनों को जब्त किया गया।
बताया जाता है कि सेक्टर छह थाना क्षेत्र में स्कूलों की संख्या अधिक होने के कारण यहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। थाना प्रभारी संगीता के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले नाबालिग चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन भी मौजूद रहे। उन्होंने स्वयं जांच अभियान का निरीक्षण किया।
नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से स्कूल खुलने और छुट्टी के समय वाहनों की सघन जांच की जाएगी, ताकि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत यदि कोई नाबालिग बाइक, स्कूटी या कार चलाते पकड़ा जाता है, तो उसके अभिभावक या वाहन मालिक पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित प्रावधानों के तहत तीन वर्ष तक के कारावास का भी प्रावधान है।
बोकारो पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई के लिए नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
![]()













Leave a Reply