Advertisement

टाउन हॉल सभागार में डीसी ने की कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को ले बैठक

बोकारो के 66 केंद्रों पर तीन पालियों में होगी क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन आगामी 19 जुलाई को होगा। यह परीक्षा बोकारो जिले के 66 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में लिया जाएगा। परीक्षा में लगभग 30,600 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर 17 जुलाई को बोकारो जिला मुख्यालय के समीप स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) सभागार में जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित किया गया। बैठक में सभी केंद्राधीक्षकों, स्टेटिक दंडाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ परीक्षा को लेकर गहन समीक्षा की गई।

इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी रिलैक्स एवं ओवरकॉन्फिडेंट नहीं रहें तथा आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी दंडाधिकारी अपने विवेक का प्रयोग करते हुए परीक्षार्थियों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें तथा अनावश्यक दबाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दे।

उन्होंने कहा कि एसआईआर में जिन वॉलंटियर्स की परीक्षा में वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्ति की गई है, वे परीक्षा ड्यूटी पूरी करने के उपरांत आगामी 20 जुलाई से पुनः एसआईआर कार्य में योगदान देंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षार्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। केंद्राधीक्षक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें तथा सभी प्रतिनियुक्त कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं गंभीरता से निर्वहन करें।

डीसी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से राज्य की प्रतिष्ठा जुड़ी होती है। परीक्षा समाप्ति के बाद केंद्राधीक्षक सभी गोपनीय सामग्रियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक जमा कराना सुनिश्चित करें। कहा कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में बाहरी अभ्यर्थियों के जिले में आने की संभावना है। ऐसे में शहरी क्षेत्रों के होटल, लॉज एवं धर्मशालाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि कोई भी संचालक अनुचित रूप से कमरे का किराया नहीं बढ़ाए। साथ ही सुदूर क्षेत्रों में ठहरने वाले अभ्यर्थियों के साथ किसी प्रकार की असुविधा या अनुचित व्यवहार नहीं हो, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने चास एवं बेरमो अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। प्रवेश केवल वैध प्रवेश पत्र एवं निर्धारित फोटो पहचान पत्र के साथ ही दिया जाएगा। कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत आवश्यक प्रतिबंधात्मक प्रावधान लागू किए जाएंगे।

मौके पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्र एवं जिला कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क में रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार के कदाचार अथवा अनुचित गतिविधि पाए जाने पर आयोग के नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र ने निर्देश दिया कि जिले के सुदूरवर्ती परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र निर्धारित समय के भीतर पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए ट्रेजरी से सर्वप्रथम दूरस्थ परीक्षा केंद्रों के प्रश्नपत्रों का वितरण किया जाएगा, ताकि वे समय पर संबंधित केंद्रों तक पहुंच सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र पर दिव्यांग अभ्यर्थियों की पृथक सूची प्राप्त नहीं हुई है।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, जिला जन संपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित सभी केंद्राधीक्षक, स्टेटिक दंडाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *