Advertisement

डीएवी कथारा को बनाया गया सीसीएल विद्या सारथी का परीक्षा केंद्र

सीएसआर के तहत सीसीएल विद्या सारथी योजना में दो वर्ष निःशुल्क कोचिंग

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा को सीसीएल विद्या सारथी का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सीसीएल प्रबंधन के इस निर्णय पर एक अगस्त को डीएवी झारखंड जोन आई के क्षेत्रीय सहायक पदाधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान ने हर्ष व्यक्त किया है।

जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने बताया कि सीसीएल की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत संचालित सीसीएल विद्या सारथी दो वर्षीय निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के लिए डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा को प्रवेश परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस परीक्षा का आयोजन 2 अगस्त को विद्यालय परिसर में किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत सीसीएल कमांड क्षेत्र के मेधावी छात्रों को आगामी इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षा की उच्चस्तरीय तैयारी कराई जाएगी। विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित आईआईटी इंजीनियरों, अनुभवी चिकित्सकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

बताया गया कि उक्त परीक्षा 2 अगस्त को प्रातः 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षार्थियों के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसमें परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा में केवल ब्लू अथवा ब्लैक बॉल पेन का ही प्रयोग करें।इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।

वहीं ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट साथ लाना, दसवीं की मार्कशीट की फोटोकॉपी साथ लाना, आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए गये है। इसके अलावा सामान्य निर्देशों में अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने तक सुरक्षित रखें, केवल परीक्षा में सम्मिलित होना प्रवेश की गारंटी नहीं है। अंतिम चयन पूर्णतः योग्यता के आधार पर किया जाएगा कहा गया है।

इस प्रतिष्ठित परीक्षा का केंद्र बनाए जाने पर विद्यालय परिवार में उत्साह का वातावरण है। झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सीसीएल विद्या सारथी जैसी पहल दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए वरदान सिद्ध होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की उत्कृष्ट तैयारी का अवसर मिलेगा तथा उनके सपनों को नई उड़ान मिलेगी।

कहा गया कि परीक्षा के सफल संचालन हेतु विद्यालय के वरीय शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, राकेश रंजन, नीरज सिन्हा, अदीब अहमद, विकास सिंह, शैबाल मुखर्जी सहित समस्त शिक्षक एवं विद्यालय कर्मी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *