प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में नोवामुंडी प्रखंड के गुवा थाना क्षेत्र दिरीबुरु पंचायत के लिपुंगा गांव में बीते 24-25 नवंबर की देर रात्रि एक वृद्ध दंपति की टांगी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 72 वर्षीय सर्गिया बालमुचू और उसकी 65 वर्षीय पत्नी मुक्ता बालमुचू के रूप में की गयी है। उक्त हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
बताया जाता है कि 25 नवंबर की सुबह जब एक ग्रामीण खेत की ओर जा रहा था, तभी उसने दंपति को घर के आंगन में खटिया पर लेटा देखा। दो घंटे बाद लौटने पर जब दंपति को आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो उसने चादर हटाई, जहां दोनों खून से लथपथ मृत पाए गए। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में रहिवासी घटनास्थल पर जुट गए।
इस बावत ग्रामीणों का कहना है कि हत्या डायन-बिसाही के शक को लेकर की गई हो सकती है। वहीं, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक सर्गिया बालमुचू का गांव के ही परिचितों के साथ पिछले दिनों विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर बीते 23 नवंबर के गांव में बैठक की गयी थी, जिसमें दंपति पर जुर्माना लगाई गई थी। संदेह है कि जुर्माना नहीं देने के विवाद में ही दोनों की हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने पर वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। घटना को लेकर प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि दंपति की हत्या टांगी से गला काटकर की गई है। उक्त घटना ने पूरे गांव को सन्न कर दिया है जिससे रहिवासी भयभीत हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
![]()













Leave a Reply