Advertisement

सरकार द्वारा बड़बिल को मिली चार कल्याण मण्डप की सौगात

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (झारखंड)। ओड़िशा की बीजू जनता दल सरकार द्वारा प्रत्येक नगरों में नागरिकों के लिए विभिन्न आयोजनों के लिए कल्याण मण्डप निर्माण की योजना के तहत बड़बिल नगरपालिका क्षेत्र में चार कल्याण मण्डप निर्माण की सौगात दी है।

जानकारी के अनुसार बड़बिल नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक सात बड़बिल-बेलकुंडी मार्ग वन विभाग कार्यालय के निकट एवं वार्ड क्रमांक आठ संथबहाल मार्ग इंडोर स्टेडियम के निकट तीन सौ क्षमता वाला कल्याण मण्डप का निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्ड संख्या एक नालदा के नेपाली हाटिंग और वार्ड संख्या दो कारा बस्ती में पांच सौ क्षमता मण्डप निर्माण किया जाएगा। इसे लेकर 13 दिसंबर को कल्याण मण्डप निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया।

इस अवसर पर चंपुआ विधायक मिनाक्षी महंतो ने कहा कि बड़बील क्षेत्र को सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। मौके पर बड़बिल नपा अध्यक्ष लक्ष्मण महंतो, नपा कार्यकारी अधिकारी अभिषेक पंडा, नपा अभियंता पूर्णचंद्र महंतो, वार्ड संख्या सात पार्षद धर्मेन्द्र कुमार महंतो, ग्रामीण विकास विभाग अनुमंडल पदाधिकारी रामचंद्र प्रधान और रश्मि रंजन जेना ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य आरंभ किया।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग अनुमंडल पदाधिकारी रामचंद्र प्रधान ने बताया कि बड़बिल नगरपालिका के वार्ड संख्या सात और आठ में 2.15 करोड़ रूपए की लागत से कल्याण मण्डप निर्माण किया जाएगा, जिसमें 4937 वर्ग फुट ग्राउंड फ्लोर और 2809 फर्स्ट फ्लोर का होगा।

वहीं वार्ड संख्या एक और दो में पांच सौ की क्षमता वाली तीन करोड़ रूपए लागत से बनने वाली कल्याण मण्डप में ग्राउंड फ्लोर 6578 वर्ग फुट और फर्स्ट फ्लोर 4156 वर्ग फिट का होगा। उक्त सभी कल्याण मण्डप में मल्टी पर्पज हॉल, दूल्हे और दुल्हन के लिए कमरे, स्टेयर, पार्किंग और डीजी से सुसज्जित किया जाएगा।

भूमि पूजन के अवसर पर बड़बिल नपा अध्यक्ष लक्ष्मण महंतो ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि बड़बिल नगरपालिका के विभिन्न वार्डों के रहिवासियों को कोई भी आयोजन के लिए नगर में स्थित नपा की एक कल्याण मण्डप टाउन हॉल एवं अन्य समाज द्वारा संचालित मण्डप पर निर्भर होना पड़ता था, किन्तु नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में कल्याण मण्डप निर्माण होने पर नगरवासियों को अपने अपने आयोजन में समय और पैसे की बचत होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *