Advertisement

बड़ाजामदा में छात्रवृत्ति जागरूकता शिविर में खदान श्रमिकों के 30 बच्चों का आवेदन

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा स्थित वेलडन फ्यूचर एकेडमी में 29 जून को छात्रवृत्ति योजना जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य खदान श्रमिकों के बच्चों को केंद्र सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाना था।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य मुकेश सिन्हा सहित शिक्षकगण, विद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। शिविर के दौरान श्रम कल्याण संगठन बड़ाजामदा के वेलफेयर एडमिनिस्ट्रेटर उदय शंकर तथा सीएमओ डॉ बिनोद कुमार ने राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पात्र छात्र राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एक ही शैक्षणिक वर्ष में पात्रता के आधार पर एक वेलफेयर आधारित और एक मेरिट आधारित छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन किया जा सकता है। शिविर के दौरान खदान श्रमिकों के 30 बच्चों की पहचान की गई, जिनके छात्रवृत्ति आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर जमा कराए जाएंगे। इससे इन विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय प्रबंधन और श्रम कल्याण संगठन की इस संयुक्त पहल की अभिभावकों एवं छात्रों ने सराहना की। उपस्थित जनों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर गरीब एवं श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *