Advertisement

सत्ता का मौन व् माफिया का खौफ, बांसजोड़ा घटना के विरोध में आजसू का मशाल जुलूस

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। धनबाद जिला के हद में लोयाबाद बांसजोड़ा में घटित कायरतापूर्ण घटना के विरोध में आजसू पार्टी द्वारा 16 जून को धनबाद के बैंक मोड़ में विशाल मशाल जुलूस निकाला। वहीं घटना के विरोध में आजसू कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आजसू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया तथा घटना के दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार आयोजित मशाल जुलूस के दौरान पूरे बैंक मोड़ क्षेत्र में विरोध की गूंज सुनाई दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाएं और माफिया तंत्र आम जनों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

इस अवसर पर जुलूस में शामिल बोकारो जिला के हद में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि लोयाबाद बांसजोड़ा की घटना केवल एक व्यक्ति या परिवार पर हमला नहीं, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा और सम्मान पर हमला है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता मौन हो जाती है, तब अपराधियों और माफियाओं का मनोबल बढ़ता है। आजसू पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भय और आतंक के माहौल में नहीं जी सकती तथा सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

बोकारो जिला परिषद की उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और आम रहिवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। कहा कि लोयाबाद बांसजोड़ा की घटना ने साबित कर दिया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी आमजनों के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने एकजुट होकर अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने स्पष्ट कहा कि सत्ता का मौन और माफिया का खौफ, दोनों का अंत तय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। मशाल जुलूस में आजसू पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय रहिवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में न्याय की मांग करते हुए अपराध और माफिया राज के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *