Advertisement

दु:ख की घड़ी में प्रशासन बना सहारा, मानवता की मिसाल बने उपायुक्त अजय नाथ झा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के पिछड़ी रहिवासी स्वर्गीय संजय महतो के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया था। इस कठिन परिस्थिति में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिवार को मानवीय आधार पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

जानकारी के अनुसार जिला उपायुक्त झा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिवंगत के बच्चे को मुख्यमंत्री बाल प्रायोजन योजना से तत्काल जोड़ा जाए। उनका डीएवी कथारा में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए तथा परिवार के लिए स्वीकृत अंबेडकर आवास का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि परिवार को स्थायी राहत मिल सके।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद परिवार के साथ संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण से खड़ा होना है। कहा कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे, यह उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला उपायुक्त की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। रहिवासियों का कहना है कि उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता दी है। जरूरतमंद परिवार तक स्वयं पहल कर सहायता पहुंचाना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है।
प्रशासन का संकल्प है कि हर जरूरतमंद परिवार तक संवेदनशीलता के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ और हरसंभव सहायता समय पर पहुंचाई जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *