रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र में मोती दिखाकर घर में सुख-शांति और धन प्राप्ति का झांसा देकर महिला से सोने की चेन और कान के टॉप्स ठगने का मामला सामने आया है। घटना बीते 13 सितंबर की दोपहर करीब 1:15 बजे की बतायी जा रही है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जैना पंचायत रहिवासी लालचंद महतो की फुआ सुमिता देवी बांधगोड़ा साइड स्थित अपने घर से पड़ोसी के यहां जा रही थी। इस दौरान दो अज्ञात उनके समीप पहुंचकर मोती जैसा पत्थर दिखाकर कहा कि इसे धारण करने से घर के दोष, बीमारी और परेशानियां दूर हो जाएंगी तथा धन की प्राप्ति होगी। आरोपियों ने महिला को विश्वास में लेकर गले की चेन और कान के टॉप्स जमीन पर रखने तथा आंखें बंद कर ॐ का उच्चारण करने को कहा।
बताया जाता है कि महिला के आंखें बंद करते ही दोनों आरोपी चेन और टॉप्स लेकर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर उनके भतीजे लालचंद महतो ने पीछा कर जैनामोड़ शराब दुकान के समीप बाइक पर पीछे बैठे एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा बाइक लेकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला के हद में नानौता थाना क्षेत्र के कुतुबपुर रहिवासी लगभग 44 वर्षीय इस्लाम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी का नाम असगर अली बताया गया है। उसके साथ आबिद, अख्तर अली और आजाद उर्फ गेंडा उर्फ एजाज के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। मामले में जरीडीह थाना में कांड क्रमांक-152/26 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने जैसी दिखने वाली पतली चेन, एक जोड़ी कान के टॉप्स और सफेद डिब्बे में रखा सफेद रंग का मोती बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में छत्तीसगढ़ के बस्तर, दुमका टाउन थाना और चास थाना क्षेत्र में भी मामले दर्ज हैं।
![]()













Leave a Reply