Advertisement

बेरमो विधानसभा में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण स्पेशल कैंप को ले बैठक

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल कार्यालय तेनुघाट में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह- अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मनोज कुमार की उपस्थिति में 8 अगस्त को बैठक की गयी। उक्त बैठक सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता के साथ बेरमो विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आयोजित की गयी।

इस संबंध में राजनीतिक दलों और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर एजेंडा जारी किया गया। जिसमें कहा गया कि बीते पांच अगस्त को मतदाता सूची का प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक निर्धारित है। कहा गया कि दावा-आपत्ति का निपटारा 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक किया जायेगा। जिसमें 8, 9, 22 और 23 अगस्त को स्पेशल कैंप लगाया जाएगा। इस क्रम में ग्राम सभा की बैठक आगामी 15 अगस्त को की जायेगी। मतदाता सूची का सात अक्टूबर को प्रकाशन किया जाएगा।

कौन बनवा सकता है नया वोटर कार्ड

बैठक में कहा गया कि जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 के साथ आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ रंगीन फोटो, आयु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और घोषणा पत्र देना अनिवार्य होगा। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं/12वीं का सर्टिफिकेट या पासपोर्ट मान्य होगा। इसके अलावा पता के प्रमाण हेतु एक साल पुराना बिजली/पानी/गैस बिल, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट, किसान बही, रजिस्टर्ड किरायानामा या सेल डीड को भी मान्यता दी जायेगी।

बैठक में कहा गया कि मृत मतदाता का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, नाम-पता-उम्र में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जाएगा। कहा गया कि प्रवासी भारतीय फॉर्म-6के से आवेदन कर सकते हैं। बेघर/फुटपाथ पर रहने वाले और हॉस्टल में रहने वाले छात्र भी वोटर बनने के लिए योग्य हैं। छात्रों को बोनाफाइड और हॉस्टल सर्टिफिकेट देना होगा। कहा गया कि एक से अधिक जगह नाम दर्ज कराना कानून अपराध है।

मौके पर उपस्थित पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि निर्धारित तिथियों में दावा-आपत्ति देकर अपनी मतदाता सूची में प्रविष्टि जरूर कराएं। मौके पर कांग्रेस से वेंकट हरि विश्वनाथन, सुबोध सिंह पंवार, झामुमो के रंजीत महतो व् भाजपा सहित कई दलों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *