पत्रकारों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा-वर्षा सिंह
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला के मुख्यालय हाजीपुर में जिला प्रशासन वैशाली की ओर से दशकों की निष्पक्ष, तथ्य परक एवं जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के लिए जिले के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
मुख्यालय हाजीपुर स्थित कलेक्टरेट सभागार में 7 अगस्त को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने पत्रकार रविशंकर सिंह, साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी एवं शुकदेव आजाद को शॉल, मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिला प्रशासन द्वारा यह सम्मान समाज को जागरूक करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी स्वर देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
ज्ञात हो कि सम्मानित होनेवाले पत्रकार रविशंकर सिंह वर्ष 1970 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। अपने पांच दशकों से अधिक के दीर्घ करियर में उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के साथ कार्य किया तथा प्रमुख समाचार एजेंसी यूएनआई (यूनाइटेड News ऑफ़ इंडिया) से भी जुड़े रहे। उन्होंने बदलते मीडिया परिवेश में हमेशा निष्पक्षता और जनसरोकारों को प्राथमिकता दी।
इसी तरह साहित्यकार सह पत्रकार सुरेन्द्र मानपुरी एवं शुकदेव आजाद ने भी विगत कई वर्षों तक विभिन्न समाचार पत्रों में सक्रिय और सफल पत्रकारिता करते हुए समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है। सत्य एवं तथ्यपरक समाचारों के प्रसार और आमजन की आवाज को प्रभावी मंच तक पहुंचाने में उपरोक्त की भूमिका सराहनीय रही है।

सम्मान कार्यक्रम के पश्चात वैशाली की जिला पदाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है जो समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि सम्मानित किए गए वरिष्ठ पत्रकारों ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए सत्य, संवेदनशीलता और जनहित को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाया। डीएम ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों का यह अनुभव और कार्यशैली नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र, बिहार को विकसित राज्य और वैशाली को विकसित जिला बनाने के संकल्प में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद उपरोक्त तीनों वरिष्ठ पत्रकारों ने वैशाली जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और बदलते दौर में निष्पक्ष, विश्वसनीय एवं तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। जिला पदाधिकारी ने सभी के स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
![]()













Leave a Reply